अवैध धान जप्त, मुंगेली प्रशासन की सख्त कार्रवाई जारी

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

मुंगेली: खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में अवैध धान के क्रय-विक्रय और भंडारण पर रोक लगाने के लिए मुंगेली जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। इसी क्रम में राजस्व विभाग, खाद्य विभाग और मंडी की संयुक्त टीम ने आविदा फूड ग्रेन्स सारधा में दबिश दी।

लोरमी के एसडीएम अजीत पुजारी ने बताया कि फर्म का ताला तोड़कर अवैध रूप से संग्रहित धान की जप्ती की गई। परिसर से एक पिकअप और एक माजदा गाड़ी में रखे 661 बारदानों सहित कुल 264 क्विंटल से अधिक धान को जब्त कर कृषि उपज मंडी, लोरमी को सुपुर्द किया गया।

जिला खाद्य अधिकारी ने कहा कि कलेक्टर के निर्देशन में जिले में अवैध धान भंडारण और परिवहन रोकने के लिए सीमाओं और चेक पोस्ट पर चौकसी बढ़ाई गई है। संदिग्ध वाहनों और परिवहन गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

प्रशासन की टीम द्वारा पारदर्शी और निष्पक्ष धान खरीदी सुनिश्चित करने के लिए सतत निगरानी रखी जा रही है। सभी आंतरिक चेक पोस्ट पर टीम तैनात है और गठित निगरानी दल द्वारा रात्रिकालीन गश्त के साथ संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है।

मंडी अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार अवैध धान रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment