बिलासपुर: बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रामगोपाल गर्ग ने कोरबा प्रवास के दौरान एसपी कार्यालय के सभाकक्ष में थाना प्रभारियों की बैठक ली। इस बैठक में एसपी सिद्धार्थ तिवारी, एएसपी लखन पटले, कटघोरा एएसपी नीतिश ठाकुर, तीनों अनुभागों के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
क्राइम मीटिंग के दौरान आईजी रामगोपाल गर्ग ने कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बीट सिस्टम को और अधिक सुचारू एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर देते हुए कहा कि क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी अपराध नियंत्रण में अहम भूमिका निभाती है।
आईजी ने आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने और उन पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों में घटना के दिन ही एफआईआर दर्ज करने का स्पष्ट आदेश दिया। साथ ही, संपत्ति संबंधी मामलों की त्वरित विवेचना और प्रभावी जांच पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में थाना प्रभारियों को स्वयं शिकायत सुनकर एफआईआर दर्ज करने तथा संगठित गिरोहों द्वारा किए जा रहे अपराधों में संगठित अपराध से संबंधित धाराएं जोड़ने के निर्देश भी दिए गए।
क्राइम मीटिंग के पश्चात आईजी रामगोपाल गर्ग ने पुलिस प्रशासन द्वारा चोरी हुए वाहनों की पतासाजी के लिए विकसित किए गए “सशक्त मोबाइल ऐप” का विमोचन किया। उन्होंने बताया कि यह ऐप जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया गया है, जिससे चोरी के वाहनों की तलाश और कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8153578
Total views : 8172824