जेरूसलम, 4 मार्च: मध्य-पूर्व में तनाव के बीच Israel Defense Forces (IDF) ने दावा किया है कि उसने बीते 24 घंटों में ईरान और लेबनान में सैकड़ों सैन्य ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए हैं। यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन रोरिंग लायन’ और ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ के तहत की गई।
IDF के मुताबिक, सैकड़ों फाइटर जेट और एयरक्राफ्ट ने समन्वित कार्रवाई करते हुए ईरान और लेबनान में कई अहम ठिकानों को निशाना बनाया। सेना का दावा है कि ऑपरेशन शुरू होने के बाद से इज़राइली एयर फोर्स ने करीब 300 ईरानी मिसाइल लॉन्चरों को निष्क्रिय कर दिया है।
बैलिस्टिक मिसाइल और एयर डिफेंस सिस्टम पर हमला
इज़राइली एयर फोर्स ने कहा कि डिफेंसिव रणनीति के तहत ईरानी सरकार के बैलिस्टिक मिसाइल एरे और एयर डिफेंस सिस्टम पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। IDF ने यह भी दावा किया कि उसने ईरान में एक कथित न्यूक्लियर वेपन डेवलपमेंट साइट को निशाना बनाया है।
सेना के अनुसार, गुप्त ‘मिनज़ादेही’ कंपाउंड में न्यूक्लियर वैज्ञानिकों का एक समूह काम कर रहा था, जिसे इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर टारगेट किया गया। IDF ने कहा कि इस कार्रवाई से ईरान की परमाणु हथियार विकसित करने की क्षमता को बड़ा झटका लगा है।
दक्षिणी लेबनान में हिज़्बुल्लाह के 60 ठिकाने निशाने पर
IDF ने बताया कि दक्षिणी लेबनान में करीब 60 ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिनमें Hezbollah और Hamas से जुड़े हथियार भंडार, मिसाइल लॉन्चर, कमांड सेंटर और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल थे। टायर और सिडोन क्षेत्रों में भी कार्रवाई की गई।
इज़राइल का दावा है कि इन ठिकानों का इस्तेमाल इज़राइली नागरिकों और सैनिकों पर हमले की योजना बनाने के लिए किया जा रहा था।
US सेंट्रल कमांड का बयान – “हम रुकेंगे नहीं”
United States Central Command (USCENTCOM) के प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर ने ब्रीफिंग में कहा कि संयुक्त अभियान जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि अब तक 2,000 से अधिक हथियारों से लगभग 2,000 लक्ष्यों पर हमला किया जा चुका है।
कूपर ने दावा किया कि ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम को गंभीर रूप से कमजोर कर दिया गया है और सैकड़ों बैलिस्टिक मिसाइल, लॉन्चर और ड्रोन नष्ट किए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि 17 ईरानी जहाज़ों को तबाह किया गया है, जिनमें एक प्रमुख ऑपरेशनल सबमरीन भी शामिल है।
उन्होंने कहा, “दुनिया की दो सबसे ताकतवर एयर फोर्स – अमेरिका और इज़राइल – इस समय ईरान के आसमान पर नियंत्रण बनाए हुए हैं, और ऑपरेशन अभी जारी रहेगा।”
मध्य-पूर्व में इस बढ़ते सैन्य टकराव से क्षेत्रीय हालात और अधिक तनावपूर्ण हो गए हैं।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162951
Total views : 8187577