18 साल से संतान नहीं होने पर पति ने पत्नी की हत्या की, फावड़े से किया हमला

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

कोरबा: जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां संतान न होने के विवाद में पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने फावड़े से पत्नी के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, ढेलवाडीह गायत्री बस्ती निवासी तुलसी यादव (37) की शादी करीब 18 साल पहले रंजना यादव (35) से हुई थी। लंबे समय से दंपती को संतान नहीं हुई थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। इसके अलावा आरोपी पति पत्नी के चरित्र पर भी संदेह करता था।

जानकारी के मुताबिक, हाल ही में रंजना यादव अपने मायके ढेलवाडीह मेला देखने गई थी। पति तुलसी यादव भी मेले में पहुंचा था। वहां से लौटने के बाद रविवार शाम को दोनों के बीच पुरानी बातों को लेकर फिर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर तुलसी यादव ने फावड़े से पत्नी के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर हमला कर दिया।

हमले में रंजना गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और रंजना को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में संतान न होना और चरित्र पर संदेह ही हत्या का मुख्य कारण सामने आया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment