कानपुर में पूर्व सैनिक का खौफनाक कदम: पत्नी और बेटे की हत्या के बाद ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

कानपुर: Kanpur जिले के सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के तुलसियापुर गांव में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। 55 वर्षीय सेवानिवृत्त फौजी ने घर के भीतर अपनी 40 वर्षीय पत्नी सुनीता और 16 वर्षीय बेटे दीप की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने घर के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगाया और करीब तीन किलोमीटर दूर जाकर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब कठोंगर गांव के पास भाऊ रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति के ट्रेन से कटने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त शुरू की। पहचान होने पर पुलिस जब तुलसियापुर स्थित उसके घर पहुंची तो मुख्य दरवाजा बाहर से बंद मिला। अंदर प्रवेश करने पर पत्नी और बेटे के शव बरामद हुए। दोनों को नजदीक से गोली मारी गई थी।

सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सेन पश्चिम पारा थाना प्रभारी Pradeep Kumar Singh ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि घटना के स्पष्ट कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। परिवार के अन्य सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं, विशेषकर पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।

इस हृदयविदारक घटना से गांव में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment