मुरादाबाद: होली के दिन शहर के मझोला थाना क्षेत्र स्थित काशीराम कॉलोनी के जंगलों में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। संतान न होने के विवाद में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी और बाद में खुद को चाकू मार लिया। गंभीर हालत में मिले युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, युवक जहां घायल अवस्था में मिला, उससे करीब 15 मीटर दूर उसकी पत्नी का शव बरामद हुआ। मौके से एक बाइक भी मिली है। मझोला थाना पुलिस ने मृतकों की पहचान नवीन नगर (सिविल लाइंस) निवासी विनोद और उसकी पत्नी के रूप में की है।
होली मिलने निकले थे घर से
परिजनों के अनुसार, दोनों दोपहर में होली मिलने की बात कहकर घर से निकले थे। मृतका की मौसी शीला ने बताया कि शादी के आठ साल बाद भी संतान न होने को लेकर विनोद अक्सर पत्नी से विवाद करता था और दूसरी शादी करना चाहता था।
वहीं, विनोद के भाई राजकुमार का कहना है कि परिवार में कोई बड़ा विवाद नहीं था और दंपति बच्चा गोद लेने की तैयारी कर रहे थे।
पुलिस जांच में जुटी
एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
होली के दिन हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8163114
Total views : 8187792