(जे के मिश्र ) बिलासपुर: पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी को देश की मौजूदा स्थिति पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ की सिफारिश को लागू करने की कोशिश हो रही है, लेकिन हमारा देश एक पूर्ण लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ संचालित होता है, जिसके पास एक मजबूत संविधान है। शैलेश पांडेय ने सवाल उठाया कि क्या बिना देश की आवाज सुने, केवल एक कमेटी की सिफारिश के आधार पर इतना बड़ा फैसला लेना सही होगा?
उन्होंने कहा कि भारत का संघीय ढांचा और उसकी राजनीतिक और भौगोलिक विविधताएं कुछ अलग हैं, जिनका ध्यान रखना आवश्यक है। हम अमेरिका, ब्रिटेन या फ्रांस जैसे देश नहीं हैं, जहां स्थितियां एक समान होती हैं। हमारे देश में क्षेत्रीय मुद्दे और राष्ट्रीय मुद्दे दोनों अलग-अलग होते हैं और उन पर अलग-अलग विचार किया जाना चाहिए।
क्षेत्रीय पार्टियों पर क्या होगा असर?
शैलेश पांडेय ने यह भी सवाल उठाया कि अगर ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ लागू किया गया तो क्या क्षेत्रीय पार्टियां, जिनपर जनता विश्वास करती है, अपनी पकड़ बनाए रख पाएंगी? उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय मुद्दे दब सकते हैं और केवल राष्ट्रीय मुद्दे ही प्रमुख रह जाएंगे, जिससे जनता के अधिकार कमजोर हो सकते हैं। इससे गलत व्यक्ति का चुनाव भी संभव है, जो जनहित में नहीं होगा।

संविधान संशोधन की जरूरत?
उन्होंने कहा कि इस कदम के लिए संविधान संशोधन की आवश्यकता होगी, और यह एक बड़ा मुद्दा है। शैलेश पांडेय ने यह भी आरोप लगाया कि मोदी सरकार केवल अपने फायदे के लिए इस मुद्दे पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह इतना सरल नहीं है जितना दिखता है। अगर सरकार गिरती है, तो राष्ट्रपति शासन लगाया जाएगा, और जनता को इसके नतीजों के बारे में जागरूक किया जाना चाहिए।
मोदी सरकार की लोकप्रियता पर सवाल
शैलेश पांडेय ने कहा कि ऐसा लगता है कि ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ को प्रमोट करने का कारण मोदी सरकार की घटती लोकप्रियता हो सकती है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की तीसरी पारी मुश्किल से बनी है और अब यह निर्णय सत्ता पर पकड़ बनाए रखने की कोशिश की तरह दिख रहा है।
उन्होंने कहा कि अब मोदी जी उतने लोकप्रिय नहीं रहे, और बीजेपी सत्ता में बने रहने के लिए नए तरीके खोज रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता के सामने सभी नीयतें जल्द ही स्पष्ट हो जाएंगी।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8167596
Total views : 8194914