कानो: नाइजीरिया के कानो राज्य में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गेज़ावा स्थानीय सरकारी क्षेत्र के क्वानार बार्डे शहर के पास एक प्रमुख राजमार्ग पर यात्रियों और सामान से लदा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में करीब 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूत्रों के अनुसार, ट्रक तेज गति में था और अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण पलट गया। हादसे के दौरान ट्रक में सवार कई यात्री सड़क पर गिर पड़े, जिससे मौके पर ही बड़ी संख्या में लोगों की जान चली गई। घायलों को तुरंत राज्य के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
कानो राज्य के गवर्नर अब्बा कबीर यूसुफ के प्रवक्ता सुनुसी बतुरे दावाकिन तोफा ने दुर्घटना और मृतकों की संख्या की पुष्टि की है। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे की मुख्य वजह चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही बताई जा रही है।
बयान में कहा गया है कि राज्यपाल ने इस घटना को दिल दहला देने वाला बताया और कहा कि यह केवल पीड़ित परिवारों ही नहीं, बल्कि पूरे कानो राज्य के लिए एक बड़ी क्षति है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य के साथ-साथ हादसे की जांच भी शुरू कर दी गई है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8154778
Total views : 8174803