Meta Platforms ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram की मैसेजिंग सेवा में बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। कंपनी ने घोषणा की है कि वह 8 मई से इंस्टाग्राम पर मिलने वाला एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन (E2EE) सपोर्ट खत्म करने जा रही है। इस बदलाव के बाद यूज़र्स के मैसेज पहले की तरह पूरी तरह निजी नहीं रहेंगे और कंपनी के पास चैट डेटा तक पहुंच संभव हो सकेगी।
2023 में शुरू किया गया था E2EE फीचर
Meta ने इंस्टाग्राम पर एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन फीचर वर्ष 2023 में पेश किया था। इस तकनीक के तहत मैसेज केवल भेजने वाले और प्राप्त करने वाले व्यक्ति ही पढ़ सकते थे, जबकि किसी तीसरे पक्ष को इन चैट्स तक पहुंच नहीं मिलती थी।
हालांकि नए फैसले के बाद कंपनी के पास मैसेज को एक्सेस करने की तकनीकी क्षमता होगी। इंस्टाग्राम ने उन यूज़र्स के लिए सुझाव भी जारी किए हैं, जिन्हें इस बदलाव से प्राइवेसी को लेकर चिंता है। कंपनी ने सलाह दी है कि यूज़र्स अपनी चैट और मैसेज को डाउनलोड कर सुरक्षित रख सकते हैं।
अपडेट करने की दी गई सलाह
इंस्टाग्राम ने पुराने वर्जन इस्तेमाल करने वाले यूज़र्स को ऐप को नए वर्जन में अपडेट करने की सलाह दी है, ताकि वे चैट डाउनलोड करने से जुड़ी सुविधाओं का सही तरीके से उपयोग कर सकें। फिलहाल कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन केवल इंस्टाग्राम से हटाया जाएगा या Facebook पर भी इसका असर पड़ेगा।
सुरक्षा कारणों से लिया गया फैसला?
टेक एक्सपर्ट्स के मुताबिक हाल के वर्षों में ऑनलाइन चाइल्ड सेक्स अब्यूज़ मटीरियल (CSAM) के मामलों में वृद्धि देखी गई है। एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन के कारण ऐसे आपत्तिजनक कंटेंट का पता लगाना और उसे ब्लॉक करना मुश्किल हो जाता है।
ऐसे में एन्क्रिप्शन हटाने से प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध मैसेज और कंटेंट को स्कैन कर उन पर कार्रवाई करना आसान हो सकता है। बताया जा रहा है कि अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के देशों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को आपत्तिजनक कंटेंट हटाने के लिए दिए गए निर्देशों के बाद Meta ने यह कदम उठाया है। हालांकि कंपनी ने आधिकारिक तौर पर इस फैसले के पीछे की वजह का खुलासा नहीं किया है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8167287
Total views : 8194374