छत्तीसगढ़ में ठंड का डबल अटैक: कई जिलों में शीतलहर और घना कोहरा, तापमान 10 डिग्री से नीचे

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायपुर:  छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर का कहर जारी है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है, जबकि सुबह-शाम घना कोहरा जनजीवन को प्रभावित कर रहा है।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे ठंड का असर और तेज होगा।

इन जिलों में शीतलहर और कोहरे की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, रायपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरबा, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। वहीं उत्तर–मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में शीतलहर का प्रभाव भी देखा जा सकता है।

रायपुर में और बढ़ेगी ठंड

राजधानी रायपुर में फिलहाल न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक यहां कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड बनी रहेगी। आज अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग ने ठंड को देखते हुए नागरिकों से सावधानी बरतने, गर्म कपड़ों का उपयोग करने और विशेषकर बुजुर्गों व बच्चों का खास ध्यान रखने की अपील की है। कोहरे के कारण वाहन चालकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

प्रदेश में बढ़ती ठंड ने साफ संकेत दे दिया है कि आने वाले दिन और ज्यादा कंपकंपाने वाले हो सकते हैं।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment