महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले की दिव्या रंगारी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना हुनर दिखाते हुए भारत को स्वर्ण पदक दिलाया है। दिव्या ने अंडर-16 एशियन चैंपियनशिप क्वालिफायर में भारतीय महिला बास्केटबॉल टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए मालदीव में शानदार प्रदर्शन किया।
यह प्रतियोगिता 12 से 15 जून 2025 तक आयोजित की गई थी, जिसमें भारत ने श्रीलंका, बांग्लादेश और मालदीव को हराकर फाइनल में जगह बनाई और फाइनल में एक बार फिर श्रीलंका को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसी जीत के साथ भारत ने FIBA अंडर-16 वूमेन एशियन चैंपियनशिप 2025 के लिए क्वालिफाई कर लिया है, जो 14 से 20 सितंबर 2025 तक मलेशिया में आयोजित होगी।
प्रदेश को दिलाया गर्व
महासमुंद की दिव्या रंगारी, जो स्थानीय मिनी स्टेडियम महासमुंद में नियमित अभ्यास करती हैं, इस टीम की छत्तीसगढ़ से एकमात्र खिलाड़ी हैं। दिव्या ने इससे पहले 48वीं सब-जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप अगस्त 2023, पांडिचेरी में भी छत्तीसगढ़ की बालिका टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
अधिकारियों और जिले से मिली बधाई
दिव्या की इस उपलब्धि पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसके साथ ही सीईओ एस. आलोक, अपर कलेक्टर रवि साहू, जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे, खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, नुरेन चंद्राकर, गौरव चंद्राकर, शुभम तिवारी, मनीष श्रीवास्तव, संतोष सोनी और जिले के अन्य गणमान्य लोगों ने भी दिव्या को शुभकामनाएं दीं।
खेल प्रतिभाओं की भूमि बन रहा महासमुंद
महासमुंद जिले में बास्केटबॉल खेल का अभ्यास स्थानीय मिनी स्टेडियम में नियमित रूप से होता है, जिसमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के बच्चे भाग लेते हैं। जिले के कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया है।
