केरल/कोझिकोड: केरल के कोझिकोड से एक बेहद संवेदनशील और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 42 वर्षीय व्यक्ति दीपक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दीपक का शव उनके घर में फंदे से लटका मिला। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, जिसके पीछे बस में कथित बदसलूकी का वीडियो वायरल होने और सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग को कारण माना जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें बस के अंदर दीपक की कोहनी एक महिला के शरीर को छूती हुई दिखाई दे रही थी। वीडियो को महिला ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कई यूजर्स ने इसे यौन उत्पीड़न करार दिया, जबकि कुछ लोगों का कहना था कि बस में अत्यधिक भीड़ होने के कारण यह अनजाने में हुआ होगा।
वीडियो वायरल होते ही दीपक को सोशल मीडिया पर भारी आलोचना और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। मृतक के परिजनों का आरोप है कि इस ऑनलाइन हमले के चलते दीपक गहरे मानसिक तनाव में चला गया था। परिवार का कहना है कि वह लगातार परेशान और डिप्रेशन में था और इसी दबाव के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
परिजनों के मुताबिक, दीपक की मौत के बाद संबंधित महिला ने वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया है, जो अब उपलब्ध नहीं है। हालांकि, घटना के बाद महिला को भी सोशल मीडिया पर साइबर ट्रोलिंग और हमलों का सामना करना पड़ रहा है।
कोझिकोड पुलिस ने मामले में अप्राकृतिक मौत का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो, सोशल मीडिया प्रतिक्रियाओं, मृतक की मानसिक स्थिति और पूरे घटनाक्रम की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पड़ताल कर रही है कि क्या साइबर उत्पीड़न या सामाजिक दबाव इस घटना की मुख्य वजह बना। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8165520
Total views : 8191449