नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब तीन बैंकों और छह स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी भरे ईमेल और कॉल मिलने के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और दमकल विभाग की टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर व्यापक जांच अभियान चलाया। हालांकि, घंटों चली तलाशी के बाद कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और धमकियों को अफवाह करार दिया गया।
इन बैंकों को मिली धमकी
अधिकारियों के अनुसार, जिन बैंकों को धमकी मिली उनमें कनॉट प्लेस स्थित Axis Bank की ब्रांच, State Bank of India की एआईआईएमएस ब्रांच और शाहदरा ब्रांच शामिल हैं। सूचना मिलते ही बैंक परिसरों को खाली कराया गया और सघन तलाशी ली गई।
स्कूलों में भी मचा हड़कंप
धमकी भरे ईमेल छह स्कूलों को भी भेजे गए। इनमें Army Public School (दिल्ली कैंट), Salwan Public School, Sardar Patel Vidyalaya, Meera Public School, Ramjas Public School और Ramjas School शामिल हैं।
सुबह करीब 8 बजे से धमकी भरे कॉल आने शुरू हुए। एहतियात के तौर पर कई स्कूलों में छात्रों और स्टाफ को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। बम निरोधक दस्ते ने परिसर की बारीकी से जांच की।
पुलिस ने बताया—घबराने की जरूरत नहीं
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी स्थानों की जांच के बाद कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। फिलहाल धमकी को अफवाह माना जा रहा है, लेकिन ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर टीम जांच में जुटी हुई है।
घटना के बाद अभिभावकों और कर्मचारियों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा, हालांकि प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162691
Total views : 8187200