दुर्ग: जिले की केंद्रीय जेल में हत्या के मामले में सजा काट रहे एक कैदी की इलाज के दौरान मौत हो गई। कैदी की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतक कैदी की पहचान विनय प्रताप सिंह (35) के रूप में हुई है। वह मोहन नगर थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या (धारा 302) के मामले में मार्च 2023 से केंद्रीय जेल दुर्ग में निरुद्ध था। मामले की सुनवाई के बाद 28 नवंबर 2025 को उसे दोषी करार देते हुए सजा सुनाई गई थी, जिसके बाद से वह जेल में सजा काट रहा था।
जेल प्रशासन के अनुसार, विनय प्रताप सिंह लंबे समय से लो शुगर (हाइपोग्लाइसीमिया) और मानसिक बीमारी से पीड़ित था। उसकी तबीयत अक्सर बिगड़ती रहती थी, जिस कारण जेल अस्पताल में उसका नियमित इलाज किया जा रहा था। डॉक्टरों की निगरानी में उसे दवाइयां दी जा रही थीं और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाता था।
केंद्रीय जेल अधीक्षक मनीष संभाकर ने बताया कि बीते दिन सुबह अचानक कैदी की हालत गंभीर हो गई। लो शुगर के कारण उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी, जिसके बाद तत्काल उसे एम्बुलेंस के जरिए रायपुर रेफर किया गया। रायपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान कैदी की मौत हो गई।
रायपुर से कैदी की मौत की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162691
Total views : 8187200