
रायपुर : कर्मचारियों ने महंगाई भत्ता और एरियर्स सहित चार सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। राजधानी रायपुर में आज आयोजित हुई कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की महत्वपूर्ण बैठक में इस पर निर्णय लिया गया।
प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में तय किया गया कि महंगाई भत्ता, एरियर्स और समयमान जैसे मुद्दों पर सरकार से मांगें मनवाने के लिए चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
6 अगस्त से शुरू होने वाले इस आंदोलन की शुरुआत मंत्रालय स्तर से होगी। इस दिन भोजनावकाश के दौरान कर्मचारी संगठन मशाल रैली निकालेंगे। आंदोलन के पहले चरण का समापन 9 अगस्त को प्रदेशभर में होगा।
इसके बाद सितंबर में एक दिवसीय हड़ताल की योजना बनाई गई है। यदि तब भी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपनाया जाएगा।
बैठक में फेडरेशन के प्रांतीय पदाधिकारी, विभिन्न संगठन के प्रदेश अध्यक्ष और महासचिव उपस्थित रहे। सभी ने सर्वसम्मति से सरकार की ओर से 4% बकाया महंगाई भत्ता और एरियर्स के मुद्दे पर कोई ठोस पहल नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौजूदा हालात में आंदोलन ही एकमात्र विकल्प है।
प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने बताया कि फेडरेशन ने कई बार ज्ञापन देकर सरकार का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की है, लेकिन 6 महीने बीत जाने के बाद भी सरकार की ओर से कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया। इस कारण अब चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत की जा रही है, जिसका पहला चरण 6 अगस्त से शुरू होगा।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8179935
Total views : 8211202