डब्ल्यूपीएल: इतिहास रचते हुए चौथी बार फाइनल में पहुंची दिल्ली कैपिटल्स

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

दिल्ली: दिल्ली कैपिटल्स ने विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में एक और शानदार अध्याय जोड़ते हुए रिकॉर्ड चौथी बार फाइनल में जगह बना ली है। मंगलवार को बीसीए स्टेडियम में खेले गए एलिमिनेटर मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया। इस जीत के साथ ही दिल्ली ने डब्ल्यूपीएल प्लेऑफ इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज भी सफलतापूर्वक पूरा किया।

एलिमिनेटर मैच में गुजरात जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए। टीम की ओर से बेथ मूनी ने 51 गेंदों में 6 चौकों की मदद से नाबाद 62 रन की शानदार पारी खेली। जॉर्जिया वेयरहैम ने भी 35 रन का योगदान दिया। दिल्ली कैपिटल्स की गेंदबाजी में चिनले हेनरी सबसे सफल रहीं, जिन्होंने 3 विकेट चटकाए। नंदिनी शर्मा को 2 विकेट मिले, जबकि मिन्नु मणि ने एक बल्लेबाज को पवेलियन भेजा।

169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 15.4 ओवर में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया। लिजेल ली ने 24 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 43 रन बनाए, जबकि कप्तान जेमिमा रोड्रिगेज ने 41 रन की अहम पारी खेली। शेफाली वर्मा ने 31 रन और लौरा वोल्वार्ड्ट ने नाबाद 32 रन बनाकर जीत को आसान बना दिया।

इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के शीर्ष-4 बल्लेबाजों ने 30 से ज्यादा रन बनाए, जो डब्ल्यूपीएल के इतिहास में पहली बार हुआ है। गुजरात जायंट्स की ओर से जॉर्जिया वेयरहैम ने 2 विकेट लिए, जबकि राजेश्वरी गायकवाड़ को एक सफलता मिली।

दिल्ली कैपिटल्स इससे पहले भी लगातार तीन सीजन फाइनल तक पहुंच चुकी है, हालांकि खिताब से दूर रही। डब्ल्यूपीएल 2023 में उसे मुंबई इंडियंस, 2024 में आरसीबी और 2025 में एक बार फिर मुंबई इंडियंस के हाथों खिताबी मुकाबले में हार झेलनी पड़ी थी। दिलचस्प बात यह है कि पिछले तीनों सीजन में एलिमिनेटर जीतने वाली टीम ने ट्रॉफी अपने नाम की है। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स के पास इस बार खिताबी सूखे को खत्म करने का सुनहरा मौका होगा।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment