बिलासपुर: युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष गोलू चौहान साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने आरटीओ चालान के नाम से फर्जी संदेश भेजकर उन्हें अपने जाल में फंसा लिया। इस ठगी में उनके बैंक खाते से 30 हजार रुपये निकाल लिए गए।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात गोलू चौहान के व्हाट्सएप पर आरटीओ चालान के नाम से एक संदेश आया, जिसमें APK फाइल संलग्न थी। चालान समझकर उन्होंने फाइल डाउनलोड कर ली। हालांकि फाइल ओपन नहीं हुई और वे सो गए। सुबह जब वे जागे तो उनके मोबाइल पर बैंक खाते से कई ट्रांजेक्शन अलर्ट आए। खाते की जांच करने पर पता चला कि जालसाजों ने उनके खाते से 30 हजार रुपये निकाल लिए हैं।
लगातार ट्रांजेक्शन के मैसेज देखकर गोलू चौहान की तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद मोबाइल को रीसेट कराया गया और संदिग्ध फाइल को डिलीट किया गया।
साइबर विशेषज्ञों की चेतावनी
साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, ठग पीएम आवास योजना, किसान सम्मान योजना सहित कई सरकारी योजनाओं के नाम पर APK फाइल भेज रहे हैं। इसके अलावा ऑनलाइन चालान और शादी के कार्ड के नाम से भी ऐसी फाइलें भेजी जा रही हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति इन फाइलों को डाउनलोड करता है, मोबाइल का पूरा कंट्रोल जालसाजों के हाथ में चला जाता है।
विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल पर आने वाली किसी भी अनजान APK फाइल को डाउनलोड न करें। यदि गलती से डाउनलोड हो जाए तो उसे इंस्टॉल न करें, तुरंत मोबाइल सेटिंग्स में जाकर संदिग्ध ऐप और फाइल डिलीट करें और जानकार से मोबाइल का फैक्ट्री रिसेट कराएं।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8150793
Total views : 8168244