रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का 62वां जन्मदिवस उनके गृहग्राम बगिया में आत्मीयता, पारिवारिक स्नेह और उत्साह के माहौल में मनाया गया। मुख्यमंत्री ने अपने निवास पहुंचते ही सबसे पहले अपनी माता जसमनी देवी के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।
दिनभर मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा। जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। मुख्यमंत्री ने सभी के स्नेह और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का प्रेम ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है।
श्री राम सदन में हुआ सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन
जन्मदिवस के अवसर पर बगिया स्थित श्री राम सदन में सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उनकी माताजी जसमनी देवी, धर्मपत्नी कौशल्या साय एवं परिवार के अन्य सदस्यों ने श्रद्धा भाव से व्रत कथा श्रवण कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले ही उनके गृहग्राम में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। विधायक गोमती साय, रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत सदस्य कृष्ण कुमार राय सहित कई जनप्रतिनिधियों ने उनसे भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह समेत अन्य अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी।
छात्राओं को दी 15 क्रिकेट किट
मुख्यमंत्री ने शासकीय प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास, इचकेला की प्रतिभाशाली छात्राओं को 15 क्रिकेट किट प्रदान कर प्रोत्साहित किया। इन छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित किया है। मुख्यमंत्री ने उन्हें निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।
पहाड़ी कोरवा समाज ने दी बधाई
बगीचा से आए विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक वेशभूषा और तीर-धनुष के साथ मुख्यमंत्री से सौजन्य भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उनसे आत्मीय संवाद करते हुए क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली।
समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से उनके गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है और जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आया है। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि विशेष पिछड़ी जनजातियों के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8159040
Total views : 8181613