बिल्हा दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, 25 लाख किसानों को 10,324 करोड़ की आदान सहायता

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

Bilaspur: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai आज बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड के रहंगी खेल मैदान में आयोजित वृहद किसान सम्मेलन में शामिल होंगे। दोपहर 12 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में कृषक उन्नति योजना के तहत राज्य के 25 लाख 28 हजार किसानों को 10,324 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि उनके बैंक खातों में अंतरित की जाएगी।

सरकार ने पहले ही घोषणा की थी कि होली पर्व से पूर्व किसानों को धान के मूल्य के अंतर की राशि एकमुश्त दी जाएगी। 28 फरवरी को राशि जारी होने के साथ ही यह संकल्प पूरा होगा और किसानों को त्योहार से पहले आर्थिक राहत मिलेगी।

3100 रुपये प्रति क्विंटल धान मूल्य

राज्य सरकार की कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को धान का 3100 रुपये प्रति क्विंटल मूल्य दिया जा रहा है, जिसे देश में सर्वाधिक बताया जा रहा है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 25 लाख 28 हजार किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान का समर्थन मूल्य पर उपार्जन किया गया है। योजना का लाभ धान बेचने वाले सभी किसानों को मिलेगा।

किसानों के लिए बड़ी बजटीय व्यवस्थाएं

सरकार के अनुसार, कृषक उन्नति योजना के तहत अब तक 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी जा चुकी है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और अन्य किसान हितैषी योजनाओं को मिलाकर 1.50 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे किसानों के खातों में अंतरित की गई है।

इसके अलावा, दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के लिए 600 करोड़ रुपये, सिंचाई पंपों को निःशुल्क बिजली देने हेतु 5500 करोड़ रुपये तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए 820 करोड़ रुपये का प्रावधान आगामी बजट में किया गया है।

सरकार का दावा है कि किसान हितैषी नीतियों के कारण राज्य में खेती-किसानी के प्रति रुझान बढ़ रहा है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment