रायपुर: छत्तीसगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से प्रदेश के मंत्री एक बार फिर बारी-बारी से भाजपा कार्यालय में उपस्थित होकर समस्याएं सुनेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं के निर्देश पर प्रदेश के सभी मंत्रियों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे पार्टी कार्यालय ठाकरे परिसर में बैठकर कार्यकर्ताओं और उनके क्षेत्रों की जनता की समस्याओं को सुनें और उनका समाधान करें।
इस पहल की शुरुआत सबसे पहले वर्ष 2024 में की गई थी, जब मंत्रियों ने सहयोग केंद्र में बैठकर जनसमस्याओं का समाधान करना शुरू किया था। हालांकि, एक बार यह व्यवस्था बंद होने के बाद कार्यकर्ता लंबे समय तक इसके दोबारा शुरू होने का इंतजार करते रहे। बीते वर्ष अक्टूबर में सहयोग केंद्र को फिर से शुरू किया गया, लेकिन दीपावली को देखते हुए यह व्यवस्था महज दो सप्ताह तक ही चल पाई। इस दौरान मंत्रियों के पास एक हजार से अधिक समस्याएं और मांगें सामने आईं, जिनमें से करीब आधी समस्याओं का तत्काल समाधान कर दिया गया।
3 फरवरी से शुरू होगा सहयोग केंद्र
कार्यक्रम के अनुसार, 3 फरवरी को प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल सहयोग केंद्र में उपस्थित रहेंगे। उनके साथ भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय भी मौजूद रहेंगे।
4 फरवरी को कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल सहयोग केंद्र में समस्याएं सुनेंगे, उनके साथ प्रदेश भाजपा महामंत्री अखिलेश सोनी रहेंगे।
5 फरवरी को प्रदेश के श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन सहयोग केंद्र में उपस्थित रहेंगे, उनके साथ प्रदेश भाजपा महामंत्री यशवंत जैन रहेंगे।
वहीं, 6 फरवरी को खाद्य मंत्री दयालदास बघेल सहयोग केंद्र में समस्याएं सुनेंगे और उनके साथ प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रंजना साहू उपस्थित रहेंगी।
भाजपा की इस पहल को कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच सरकार और संगठन के बेहतर समन्वय की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8150752
Total views : 8168174