मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत जा रहे थे दूल्हा-दुल्हन, बड़ा हादसा टला
मनेन्द्रगढ़: जनकपुर से रतनपुर स्थित महामाया मंदिर जा रही एक दुर्गा बस मंगलवार को सड़क हादसे का शिकार हो गई। यह हादसा पोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत नागपुर रेलवे स्टेशन के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। बस में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे करीब 54 जोड़े (108 दूल्हा-दुल्हन) सवार थे।
हादसे में बस में बैठे सभी यात्री घायल हो गए। घायलों को तत्काल नागपुर उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई, हालांकि कई दूल्हा-दुल्हन और परिजनों को गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी और नागपुर रेलवे स्टेशन के पास चालक का संतुलन बिगड़ने से बस सड़क किनारे गड्ढे में उतर गई। हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए, जिससे घायलों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही पोड़ी थाना और नागपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा फरार चालक-कंडक्टर की तलाश की जा रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर प्रशासनिक तैयारियों और सामूहिक विवाह कार्यक्रमों में प्रयुक्त परिवहन व्यवस्था की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8154778
Total views : 8174803