
बिलासपुर : यूरोप महाद्वीप की सबसे ऊँची चोटी पर बिलासपुर की बेटी सुश्री निशा यादव ने तिरंगा लहराया। वापस आकर आज कलेक्टर श्री अवनीश शरण से उनके कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की।
कलेक्टर ने यूरोप महाद्वीप की सबसे ऊँची चोटी माउन्ट एलब्रुस 5 हजार 642 मीटर फतह करने पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनका हौसला बढ़ाया। सुश्री निशा ने कलेक्टर के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आप के सहयोग से ही यह संभव हो पाया।
सुश्री निशा यादव ने बताया कि 13 जुलाई को वे रात में अपने इस मिशन के लिए आगे बढ़ी और सुबह 9 बजे माउन्ट एलब्रुस पर फतह पाई। लगातार 2 साल की कड़ी मेहनत के बाद यह सफलता हासिल हुई है। उन्होंने बताया कि कलेक्टर श्री अवनीश शरण की संवेदनशील पहल के चलते ही उनका यह सपना पूरा हो पाया।
उन्होंने कलेक्टर से मिलकर मदद की गुहार लगाई थी। कलेक्टर ने उनकी बात गंभीरता से सुनी और उन्हें सीएसआर मद से आर्थिक मदद दिलवाई और अपनी शुभकामनाओं के साथ उनका हौसला बढ़ाया। वे कहती है कि इस मदद के चलते ही इस पर्वत विजय का संकल्प पूरा हो सका।
यह मेरे लिए गौरवशाली उपलब्धि है इसके लिए मै कलेक्टर महोदय की सदैव आभारी रहूंगी। सुश्री निशा यादव ऑटो रिक्शा चालक श्री श्याम कार्तिक यादव की सुपुत्री हैं। इसके पहले उन्होंने उत्तराखंड में नैनीताल की सबसे ऊँची चोटी नैनापिक 8 हजार 522 फीट, उत्तराखंड में केदारकंठ 12 हजार 500 फीट, अरूणाचल प्रदेश में गोरीचेन ग्लेशियर 22 हजार 500 फीट, छत्तीसगढ़ के सबसे ऊँचे पर्वत गौरालाटा 900 मीटर पर भी फतह हासिल की है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8168866
Total views : 8196662