नारायणपुर को विकास की बड़ी सौगात: CM साय 30-31 जनवरी को जिले के दौरे पर

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायपुर: अबूझमाड़ अंचल सहित पूरे नारायणपुर जिले के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आगामी दौरा विकास की नई रफ्तार लेकर आ रहा है। मुख्यमंत्री 30 और 31 जनवरी को जिले के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे 361 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार एवं प्रस्तावित विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। सड़क, अधोसंरचना, जनसुविधा और सामाजिक विकास से जुड़े ये कार्य जिले के दूरस्थ इलाकों तक विकास की पहुंच को मजबूत करेंगे।

पद्मश्री विभूतियों और समाज प्रमुखों से संवाद

मुख्यमंत्री 30 जनवरी को दोपहर 1 बजे हेलीकॉप्टर से तहसील हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद वे गढ़बेंगाल घोटूल जाकर पद्मश्री हेमचंद मांझी, पद्मश्री पंडीराम मंडावी, बुटलुराम माटरा सहित समाज प्रमुखों से भेंट और संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम आदिवासी संस्कृति, सामाजिक सहभागिता और परंपराओं के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बस सेवा से गांव तक पहुंचेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री की विशेष पहल पर शुरू की गई मुख्यमंत्री बस सेवा इस दौरे का प्रमुख आकर्षण रहेगी। मुख्यमंत्री इसी बस से यात्रा कर ग्राम कुरूषनार पहुंचेंगे। यहां वे पीडीएस दुकान का निरीक्षण करेंगे, स्कूल में बच्चों से संवाद करेंगे और महतारी वंदन योजना के तहत हितग्राहियों को राशि वितरित करेंगे। यह दौरा सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर परखने और आमजन से सीधा संवाद स्थापित करने का उदाहरण बनेगा।

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

कुरूषनार से मुख्यमंत्री शांत सरोवर (बिजली) पहुंचेंगे, जहां बोटिंग और कायाकिंग गतिविधियों का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही बाइकर्स इवेंट में शामिल होकर पर्यटन और युवा गतिविधियों को बढ़ावा देने का संदेश देंगे।

हाईस्कूल नारायणपुर में होगा मुख्य कार्यक्रम

मुख्यमंत्री हाईस्कूल नारायणपुर में आयोजित कार्यक्रम में विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। साथ ही बस्तर पंडुम का जिला स्तरीय आयोजन, विभिन्न परियोजनाओं के अनुबंध, हितग्राहियों को सामग्री वितरण, मलखंभ प्रदर्शन, मुख्यमंत्री का संबोधन और ड्रोन शो भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगे।

आईटीबीपी जवानों से मुलाकात

सायंकाल मुख्यमंत्री आईटीबीपी बटालियन, जेलबाड़ी गंराजी पहुंचकर जवानों से भेंट करेंगे और उनके साथ रात्रि भोज में शामिल होंगे। इसके बाद वे विश्रामगृह में जनप्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम नारायणपुर में रहेगा।

31 जनवरी को पीस हाफ मैराथन का फ्लैग-ऑफ

31 जनवरी को सुबह 6 बजे मुख्यमंत्री अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन के अंतर्गत जुंबा कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद 6:30 बजे मैराथन को फ्लैग-ऑफ करेंगे। कार्यक्रम के बाद वे रामकृष्ण आश्रम पहुंचकर बच्चों के साथ नाश्ता करेंगे और फिर हाईस्कूल ग्राउंड हेलीपैड से रायपुर रवाना होंगे।

विकास, विश्वास और पहचान की ओर नारायणपुर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का यह दौरा नारायणपुर के लिए विकास कार्यों की सौगात, दूरस्थ इलाकों में सरकारी योजनाओं की सीधी पहुंच और सांस्कृतिक-सामाजिक पहचान को मजबूती देने वाला माना जा रहा है। अबूझमाड़ जैसे अति दूरस्थ अंचल तक मुख्यमंत्री की मौजूदगी से जिले में विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment