धान खरीदी केंद्र में बड़ा फर्जीवाड़ा: सूखत कम दिखाने बोरों पर डाला गया पानी, 4 कर्मचारी हटाए गए

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायपुर: जिले के मुनरेठी स्थित धान खरीदी केंद्र में बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है। यहां सूखत कम दिखाने के उद्देश्य से धान से भरे सैकड़ों बोरों पर पाइप के जरिए पानी डालने का मामला सामने आया है। इस पूरी घटना का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और जांच के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए समिति प्रभारी सहित चार कर्मचारियों को हटा दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार धान खरीदी केंद्र परिसर में पाइप बिछाकर करीब आधे घंटे तक धान से भरे बोरों पर पानी डाला गया। उस वक्त केंद्र में सैकड़ों बोरों में हजारों क्विंटल धान रखा हुआ था। वीडियो वायरल होते ही प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए।

जांच के दौरान वायरल वीडियो, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, हमालों के बयान और प्रभारी समिति प्रबंधक के स्पष्टीकरण का परीक्षण किया गया। जांच में प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हुआ कि वायरल वीडियो प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्रेड़ी (पंजीयन क्रमांक 663) का ही है। यह घटना 1 फरवरी 2026 की शाम 6.45 बजे से 7.10 बजे के बीच की बताई गई है।

जांच प्रतिवेदन में बताया गया है कि इस कृत्य में कुलेश्वर प्रसाद वर्मा (हमाल), महरन राय (रात्रिकालीन चौकीदार/हमाल), योगेश्वर बंजारे (रात्रिकालीन चौकीदार/हमाल) और संजू ढीढ़ी (धान खरीदी दैनिक कर्मचारी) की संलिप्तता स्पष्ट रूप से सामने आई है।

हालांकि घटना के समय प्रभारी समिति प्रबंधक चंद्रप्रकाश खंडेलवाल समिति परिसर में उपस्थित नहीं थे, लेकिन उनके अधीनस्थ कर्मचारियों और हमालों द्वारा इस तरह की गंभीर अनियमितता किया जाना प्रबंधकीय नियंत्रण में गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए समिति प्रभारी सहित चार दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। साथ ही आगे की कार्रवाई के संकेत भी दिए गए हैं। जांच प्रतिवेदन के आधार पर अब जिम्मेदारों पर और कड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

February 2026
S M T W T F S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728

Leave a Comment