धमतरी। जिले में अवैध धान खरीदी और परिवहन पर कड़ी कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने 68.20 क्विंटल धान जब्त किया है। ग्राम खपरी–जोरातराई से छाती की ओर ले जाया जा रहा यह धान कोचिया धनेश्वर सिंह (निवासी सेमरा, सिलौटी) द्वारा किसानों से अवैध रूप से खरीदा गया पाया गया। प्रशासन ने ट्रैक्टर को मौके पर रोककर जांच की, जिसमें कोचिया किसी भी प्रकार का अनुमति पत्र या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
निर्देशों के तहत मंडी शुल्क और वैधता की जांच के लिए धान और वाहन को मंडी अधिनियम के अनुसार जब्त किया गया। ट्रैक्टर क्रमांक CG07 X 4029 को थाना भखारा लाया गया। प्रारंभ में कोचिया ने वाहन को पुलिस अभिरक्षा में रखने की बात कही, लेकिन बाद में उसने इसे कुरूद मंडी परिसर में रखने का अनुरोध किया। पंचों की उपस्थिति में विधिवत पंचनामा तैयार किया गया और सभी के समक्ष पढ़कर सुनाया गया।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध धान परिवहन, खरीदी और भंडारण पर सख्त निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों, राजस्व और पुलिस टीमों को लगातार पेट्रोलिंग और संदिग्ध वाहनों की जांच के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपना धान केवल अधिकृत समितियों को ही बेचें तथा किसी भी अवैध खरीद–फरोख्त की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि धान खरीदी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
Author: Deepak Mittal









