Bharat Taxi Cab Service: Ola-Uber को तगड़ा झटका, आज से शुरू होगी देश की पहली सरकारी कैब सर्विस

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

नई दिल्ली: ओला-उबर जैसी निजी कैब कंपनियों को बड़ा झटका देते हुए देश की पहली कोऑपरेटिव कैब टैक्सी सर्विस ‘भारत टैक्सी’ आज से शुरू हो रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली में इसका औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इस सर्विस की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ड्राइवरों से किसी तरह का कमीशन नहीं लिया जाएगा और वे खुद इस प्लेटफॉर्म के स्टेकहोल्डर यानी मालिक होंगे।

सहकारिता मंत्रालय के अनुसार, भारत टैक्सी का उद्देश्य ड्राइवरों को निजी एग्रीगेटर कंपनियों के कमीशन-आधारित मॉडल से मुक्त कराना है। इस टैक्सी सर्विस का ट्रायल 2 दिसंबर को दिल्ली और गुजरात के राजकोट में शुरू किया गया था, जो पूरी तरह सफल रहा।

ड्राइवरों को मिलेगा इंश्योरेंस और रिटायरमेंट सपोर्ट
लॉन्च के मौके पर अमित शाह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 6 ड्राइवरों को सम्मानित करेंगे, जिन्हें ‘सारथी’ कहा जाएगा। इन ड्राइवरों को कंपनी के शेयर सर्टिफिकेट भी प्रदान किए जाएंगे। सम्मानित सारथियों को 5 लाख रुपये का एक्सीडेंटल इंश्योरेंस और 5 लाख रुपये का फैमिली हेल्थ इंश्योरेंस दिया जाएगा। इसके अलावा प्लेटफॉर्म से जुड़ने वाले सभी ड्राइवरों के लिए रिटायरमेंट सेविंग्स और ड्राइवर सपोर्ट सिस्टम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

जीरो कमीशन, सर्ज प्राइसिंग से राहत
जहां ओला और उबर जैसी कंपनियां ड्राइवरों की कमाई से 20 से 30 प्रतिशत तक कमीशन वसूलती हैं, वहीं भारत टैक्सी पूरी तरह जीरो-कमीशन मॉडल पर काम करेगी। यानी ड्राइवर की पूरी कमाई सीधे उसी को मिलेगी। यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा, क्योंकि इसमें सर्ज प्राइसिंग लागू नहीं होगी। इससे पीक आवर्स में भी टैक्सी किफायती दरों पर उपलब्ध हो सकेगी।

दो साल में पूरे देश तक पहुंचने का लक्ष्य
भारत टैक्सी का लक्ष्य अगले दो वर्षों में देश के सभी राज्यों और प्रमुख शहरों में अपनी सेवाएं शुरू करना है। इसके लिए इसे सरकार के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI) से जोड़ा जाएगा। दिल्ली में फिलहाल 7 प्रमुख स्थानों पर ड्राइवर सपोर्ट सेंटर भी शुरू किए गए हैं।

कौन चलाएगा भारत टैक्सी?
भारत टैक्सी एक मेंबरशिप-बेस्ड ऐप सर्विस है, जिसे सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड संचालित करेगी। इस संस्था की स्थापना जून माह में 300 करोड़ रुपये की पूंजी के साथ की गई थी। यह सेवा डिजिटल इंडिया पहल का हिस्सा है।

इसके संचालन के लिए गठित गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन अमूल के एमडी जयेन मेहता और वाइस चेयरमैन NCDC के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर रोहित गुप्ता होंगे। इसके अलावा देशभर की विभिन्न सहकारी समितियों से जुड़े आठ अन्य सदस्य भी बोर्ड में शामिल हैं। इस गवर्निंग काउंसिल की पहली बैठक 16 अक्टूबर को आयोजित की गई थी।

भारत टैक्सी के लॉन्च को ड्राइवरों के हित में ऐतिहासिक कदम और कैब इंडस्ट्री में गेम चेंजर के रूप में देखा जा रहा है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment