बिहार के रोहतास जिले में वन्यजीव तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। कालका–हावड़ा मेल (नेताजी एक्सप्रेस) के जनरल कोच से रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने 311 जीवित कछुए बरामद किए हैं। सभी कछुए 11 बोरियों में बंद थे, जिन्हें लावारिस हालत में छोड़ा गया था।
RPF को सूचना मिली थी कि कालका से हावड़ा जा रही ट्रेन के आगे के जनरल कोच में बड़ी संख्या में कछुओं की अवैध तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर RPF निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में टीम ने सासाराम रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही छापेमारी की। तलाशी के दौरान जनरल कोच से 11 बोरियां बरामद की गईं, जिनमें कुल 311 कछुए पाए गए।
RPF निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि कछुए लावारिस अवस्था में थे और मौके पर कोई भी व्यक्ति उनके साथ नहीं मिला, जिस कारण किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कछुओं को अवैध रूप से एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था। बरामद कछुओं की अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है।
कार्रवाई के बाद RPF ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी कछुओं को अपने संरक्षण में ले लिया। अधिकारियों के अनुसार, कछुओं की प्रजाति की पहचान और स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा।
बताया जा रहा है कि वन्यजीव तस्कर अक्सर ट्रेनों के जनरल कोच का इस्तेमाल करते हैं, ताकि पहचान से बचा जा सके। फिलहाल RPF और वन विभाग संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं कि कछुए कहां से लाए गए थे और इन्हें कहां ले जाया जा रहा था।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8164759
Total views : 8190464