झाड़ियों में मिली अधजली लाश, पहचान अब तक अज्ञात – पुलिस कर रही जांच
बिलासपुर। जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब झाड़ियों के बीच एक युवक की जली हुई लाश बरामद हुई। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए शव को स्पिरिट जैसे ज्वलनशील पदार्थ से जलाया गया है। शव लगभग 80 प्रतिशत तक जल चुका था, जिससे पहचान कर पाना मुश्किल हो गया है।
जानकारी के अनुसार, यह अधजला शव तिफरा से मन्नाडोल जाने वाली पगडंडी के किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला। सुबह इलाके के कुछ लोगों ने लाश देखी और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ जांच की, लेकिन आसपास संघर्ष या खून के निशान जैसी कोई वस्तु नहीं मिली। केवल कुछ कपड़ों के टुकड़े और हाथ-पैर के जले हुए अवशेष बरामद हुए हैं।
थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि यह इलाका सुनसान है और यहां लोग बहुत कम आते हैं। मृतक की उम्र लगभग 25 से 35 वर्ष के बीच मानी जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शव करीब दो दिन पुराना है। फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के असली कारणों का खुलासा होगा।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्टों को क्रॉस-चेक करना शुरू कर दिया है। स्थानीय निवासियों और मन्नाडोल क्षेत्र के लोगों से भी पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की दिशा हत्या की ओर इशारा कर रही है, और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जलाया गया है।
पुलिस इस जघन्य वारदात को सुलझाने के लिए विशेष टीम गठित कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन खंगाल रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8166942
Total views : 8193763