iPhone बनाने वाली दिग्गज टेक कंपनी Apple भारत के रिटेल मार्केट में अपनी मौजूदगी और मजबूत करने की तैयारी में है। कंपनी जल्द ही मुंबई में अपना दूसरा फिजिकल स्टोर शुरू करने जा रही है। देश में यह एपल का छठा रिटेल स्टोर होगा। हाल ही में कंपनी ने नोएडा में अपना पांचवां स्टोर लॉन्च किया था।
कंपनी के CEO Tim Cook ने दिसंबर तिमाही के नतीजों की घोषणा के दौरान भारत में नए स्टोर्स खोलने के संकेत दिए थे। उन्होंने बताया था कि दिसंबर तिमाही में कंपनी ने वैश्विक स्तर पर रेवेन्यू का रिकॉर्ड बनाया है और भारत में ग्रोथ डबल-डिजिट में रही है।
बोरिवली में खुलेगा नया स्टोर
मुंबई में कंपनी का दूसरा स्टोर बोरिवली इलाके में प्रस्तावित है। इससे पहले Apple ने मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित जियो वर्ल्ड ड्राइव मॉल में अपना पहला स्टोर खोला था। इसके अलावा कंपनी के स्टोर दिल्ली (साकेत), बेंगलुरु और पुणे में भी संचालित हो रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी हैदराबाद में भी नया स्टोर खोलने की योजना बना रही है।
भारत में बढ़ी iPhone की मांग
भारत में कंपनी की नई iPhone 17 सीरीज को ग्राहकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। वहीं iPhone 16 सीरीज की बिक्री भी मजबूत बनी हुई है। पिछले वर्ष भारत में कंपनी ने लगभग 1.4 करोड़ iPhone यूनिट्स की शिपमेंट की। इसके साथ ही कंपनी का मार्केट शेयर बढ़कर 9 प्रतिशत हो गया, जो इससे पहले करीब 7 प्रतिशत था।
विशेषज्ञों के अनुसार रिटेल नेटवर्क के विस्तार और नो-कॉस्ट EMI जैसे आसान फाइनेंसिंग विकल्पों ने बिक्री बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।
‘मेड इन इंडिया’ पर जोर
कंपनी ने भारत में अपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमताओं को भी तेजी से बढ़ाया है। पिछले कुछ वर्षों में 50 अरब डॉलर से अधिक मूल्य के ‘मेड इन इंडिया’ iPhones का एक्सपोर्ट किया जा चुका है।
देश में एपल की कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग Foxconn और Tata Electronics की फैक्टरियों में की जा रही है। कंपनी चेन्नई में एक कॉरपोरेट ऑफिस खोलने की भी योजना बना रही है।
इस वित्त वर्ष के शुरुआती नौ महीनों में कंपनी ने करीब 16 अरब डॉलर के iPhone मॉडल्स का निर्यात किया है। पिछले वर्ष अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump द्वारा स्मार्टफोन्स समेत कई प्रोडक्ट्स पर भारी टैरिफ लगाए जाने के बावजूद भारत से अमेरिका को स्मार्टफोन्स का एक्सपोर्ट बढ़ा है।
भारत में बढ़ती मांग और मैन्युफैक्चरिंग विस्तार के साथ Apple का फोकस अब देश को एक प्रमुख रिटेल और एक्सपोर्ट हब के रूप में विकसित करने पर है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8156618
Total views : 8177711