
बिलासपुर : सकरी थाने में तैनात एक पुलिसकर्मी अपनी लक्जरी कार का उपयोग कर देसी शराब की तस्करी करा रहा था। इस सूचना पर मोपका पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार से 10 पेटी देसी शराब, खाकी वर्दी, एक प्लास्टिक केन, लाठी, खाकी रंग का बॉडीगार्ड कपड़ा, आरक्षक के नाम की बैंक पासबुक और उसका आईडी कार्ड जब्त किया है।
मामले की भनक लगते ही आरोपी आरक्षक नीलकमल राजपूत पेट्रोलिंग वाहन छोड़कर फरार हो गया है। सरकंडा पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
मोपका पुलिस के अनुसार, सोमवार की देर रात उन्हें देसी शराब की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीम ने मोपका चौक पर घेराबंदी की। मुखबिर के बताए अनुसार चिल्हाटी मोड़ से आ रही रेनाल्ट कार को रोका गया। कार में सवार बलराम यादव निवासी कंसा चौक टिकरापारा और नवीन बोले उर्फ भज्जी निवासी दयालबंद गुरुनानक स्कूल के सामने को पकड़ा गया
पूछताछ में दोनों ने गोलमोल जवाब दिए। कार की तलाशी लेने पर उसमें पांच बोरियों में 480 पाव देसी शराब का भंडार मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर दोनों आरोपियों को थाने ले आई। सख्ती से पूछताछ में नवीन ने बताया कि वह सकरी थाने में तैनात आरक्षक नीलकमल राजपूत के कहने पर शराब ला रहा था।
आरक्षक नीलकमल के फरार होने की जानकारी विभाग के उच्च अधिकारियों को दी गई। इस दौरान नीलकमल सकरी थाने में पेट्रोलिंग ड्यूटी पर था। मामले में अपराध दर्ज होने की सूचना मिलते ही वह पेट्रोलिंग वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस की टीम उसकी तलाश कर रही है और उसके मुंगेली स्थित घर पर भी छापा मारा गया, लेकिन वह वहां नहीं मिला। पुलिस ने पकड़े गए ड्राइवर और शराब तस्करी में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
कार की बारीकी से तलाशी लेने पर पुलिस ने आरक्षक का बैंक खाता, चेकबुक, वर्दी, एक प्लास्टिक केन, और एक प्लेट जिसमें पुलिस लिखा है, बरामद किया। इसके अलावा आरक्षक का आइकार्ड, डेबिट कार्ड, गैस कार्ड और एसपी के नाम पर लिखा एक आवेदन भी मिला, जिसमें तखतपुर थाने से सकरी स्थानांतरित करने की बात लिखी गई है। पुलिस ने इन सभी दस्तावेजों को भी जब्त कर लिया है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8179917
Total views : 8211179