कमजोर हथकड़ी से हाथ निकालकर फरार हुआ ठगी का आरोपी, जिला अस्पताल में मचा हड़कंप
जांजगीर-चांपा। जिला अस्पताल में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब उपचार के लिए भर्ती एक बंदी हथकड़ी से हाथ निकालकर फरार हो गया। फरार बंदी की पहचान पंचराम निषाद के रूप में हुई है, जिसे नवागढ़ पुलिस ने ठगी के मामले में गिरफ्तार किया था। आरोपी पर प्रदेश के कई जिलों में ठगी के मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि पंचराम पहले भी जेल से भाग चुका है।
घटना के बाद जिला अस्पताल चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत बंदी की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। वहीं, घटना को लेकर जिला जेल और जिला अस्पताल के अधिकारियों के बयानों में विरोधाभास सामने आया है। जेलर ने बताया कि बंदी का हाथ टूटा हुआ था और उसे प्लास्टर लगाने के लिए अस्पताल लाया गया था, जबकि सिविल सर्जन का कहना है कि उसे बुखार और डायरिया की शिकायत के चलते भर्ती कराया गया था।
सिविल सर्जन के अनुसार, बंदी पंचराम निषाद को गुरुवार दोपहर डेढ़ बजे जिला जेल से भर्ती किया गया था। उसके साथ एक प्रहरी तैनात था। शुक्रवार सुबह डॉक्टर ने जांच के बाद दवाइयां लिखीं, जिन्हें लेने के लिए प्रहरी अस्पताल फार्मेसी गया। इसी दौरान बंदी ने हथकड़ी से हाथ निकालकर फरार हो गया। प्रहरी के लौटने पर जब यह बात सामने आई तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और अस्पताल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए, लेकिन अब तक यह साफ नहीं हो सका है कि बंदी किस रास्ते से भागा। फिलहाल पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी की गई है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8166940
Total views : 8193760