वृंदावन: जिले के वृंदावन क्षेत्र में बुधवार को एक नवनिर्मित होटल में उद्घाटन के कुछ घंटों बाद ही आग लग गई। हादसे में एक महिला और दो बच्चे झुलस गए। तीनों घायल होटल मालिक के परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि राया नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल ने रुक्मिणी विहार इलाके में नया होटल बनवाया था। बुधवार को होटल का विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन के कुछ समय बाद जब परिवार के सदस्य परिसर में मौजूद थे, तभी अचानक आग लग गई।
प्रशासन के अनुसार, प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों की जांच कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि यह भी जांच की जाएगी कि होटल को शुरू करने से पहले सभी आवश्यक अनुमति और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। यदि किसी प्रकार की लापरवाही पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
फिलहाल, प्रशासन मामले की विस्तृत जांच में जुटा है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8155311
Total views : 8175596