रेलवे की कॉपर केबल चोरी करने वाले दिल्ली के संगठित गिरोह का पर्दाफाश

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

10 चोरों एवं 7 रिसीवरों सहित कुल 17 आरोपी गिरफ्तार, 4 स्कूटर जब्त

चोरी की रेलवे संपत्ति दिल्ली के चांदनी चौक स्थित कबाड़ मंडी में बेचने की बात आई सामने

बिलासपुर – बुढ़ार, सिंहपुर, छादा एवं शहडोल क्षेत्र में रेलवे की कॉपर केबल चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, बिलासपुर के मार्गदर्शन में RPF की विशेष टीम एवं RPF पोस्ट अनूपपुर ने संयुक्त कार्रवाई कर एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई में 10 आरोपियों एवं चोरी की रेलवे संपत्ति खरीदने वाले 7 रिसीवरों सहित कुल 17 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। चोरी में प्रयुक्त 4 स्कूटर भी जब्त किए गए हैं।

जांच में सामने आया कि आरोपी दिल्ली से आकर अनूपपुर क्षेत्र में किराए के मकानों में रह रहे थे तथा स्कूटर से घूमकर रेलवे की कॉपर केबल एवं अन्य तांबे की सामग्री की रेकी कर चोरी करते थे। चोरी की सामग्री को दिल्ली के चांदनी चौक स्थित कबाड़ मंडी में बेचने की बात पूछताछ में सामने आई है। RPF द्वारा प्रभावित रेलखंडों में लगातार निगरानी, पेट्रोलिंग, एम्बुश एवं स्थानीय मुखबिर तंत्र के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।

सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में दो आरोपियों को ट्रेन से भागते समय उमरिया से तथा एक आरोपी को गाजियाबाद स्थित उसके निवास से पकड़ा गया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई कॉपर केबल एवं अन्य तांबे की रेलवे सामग्री बरामद की गई है।

मामले में आगे की जांच जारी है तथा गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं चोरी की संपत्ति के खरीदारों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment