ढाल दास ने थामा कांग्रेस का हाथ, भूपेश बघेल ने गमछा पहनाकर किया स्वागत

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

गुरु बालदास के बड़े पुत्र और मंत्री खुशवंत साहब के बड़े भाई हैं ढाल दास, राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज

रायपुर। सतनामी समाज के प्रमुख धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब के बड़े पुत्र एवं भाजपा सरकार में मंत्री खुशवंत साहब के बड़े भाई ढाल दास ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। रायपुर स्थित पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में बघेल ने कांग्रेस में प्रवेश करने पर ढाल दास को पार्टी का गमछा पहनाकर स्वागत किया।

ढाल दास के कांग्रेस में शामिल होने के बाद प्रदेश की सियासत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। सतनामी समाज और गुरु परिवार की सामाजिक एवं राजनीतिक पृष्ठभूमि को देखते हुए उनके कांग्रेस प्रवेश को महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। राजनीतिक जानकार इसे आगामी समय में प्रदेश की राजनीति पर असर डालने वाले कदम के रूप में देख रहे हैं।

गौरतलब है कि गुरु बालदास साहेब का सतनामी समाज में व्यापक प्रभाव माना जाता है। वहीं उनके पुत्र खुशवंत साहब वर्तमान में भाजपा सरकार में मंत्री हैं। ऐसे में परिवार के वरिष्ठ सदस्य ढाल दास के कांग्रेस में शामिल होने से राजनीतिक समीकरणों और इसके संभावित प्रभाव को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है।

गुरु बालदास साहेब का परिवार बाबा गुरु घासीदास की वंश परंपरा और भंडारपुरी धाम से जुड़ा हुआ है। छत्तीसगढ़ के सामाजिक एवं राजनीतिक परिदृश्य में इस गुरु परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है। गुरु बालदास साहेब के चार बेटे—ढाल दास, सोमेश दास, खुशवंत दास और सौरभ दास हैं। उनकी एक बेटी भी है। इनमें ढाल दास सबसे बड़े पुत्र हैं।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment