मामूली विवाद के बाद दो गुटों में पथराव, कई घायल

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

खपरगंज में देर रात तक तनाव, पुलिस ने आंसू गैस छोड़कर उपद्रवियों को खदेड़ा; शहरभर का बल तैनात

बिलासपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज में शुक्रवार रात दो गुटों के युवकों के बीच मामूली विवाद ने देर रात हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव शुरू हो गया। घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। पथराव की चपेट में आने से कुछ पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। देर रात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने मौके पर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ मोर्चा संभाला। अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से करीब डेढ़ बजे उपद्रवियों को मौके से खदेड़ा गया। इसके बाद क्षेत्र में संदिग्ध लोगों की तलाश और धरपकड़ शुरू की गई।

मिली जानकारी के अनुसार  रास्ते से निकलने की बात को लेकर युवकों के दो पक्षों में कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। कुछ ही देर में दोनों ओर से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और पथराव शुरू हो गया।

हिंसक पथराव में 12 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ बढ़ने के कारण स्थिति को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कोतवाली थाने के बाहर भी बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिन्हें हटाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया।

बिगड़ते हालात को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी की। अधिकारियों ने दोनों पक्षों के लोगों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की अपील की। गोलबाजार से सदर बाजार तक मुख्य मार्गों पर भीड़ जमा होने के कारण पुलिस को लगातार मशक्कत करनी पड़ी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के विभिन्न थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बिलासपुर मुख्यालय बुलाया गया। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई और कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही नियंत्रित की गई।

पुलिस द्वारा घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और मौके पर बनाए गए वीडियो की जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर पथराव और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक या अफवाह वाली पोस्ट पर भी नजर रख रही है।

हिंसा के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा वाहनों में तोड़फोड़ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। मुख्य बाजार क्षेत्र की कुछ दुकानों की ओर भी पथराव किया गया। संकरी गलियों में खड़े कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचने और कुछ वाहनों के पलटने की बात भी सामने आई है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

August 2026
S M T W T F S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031  

Leave a Comment