नई परीक्षा तिथि बाद में होगी घोषित, अभ्यर्थी 1 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 6 सितंबर 2026 को प्रस्तावित केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) सितंबर 2026 को स्थगित कर दिया है। परीक्षा की नई तिथि की घोषणा बोर्ड द्वारा बाद में की जाएगी। वहीं, सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद बोर्ड ने CTET सितंबर 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया एक बार फिर शुरू कर दी है।
बोर्ड के अनुसार, जो पात्र अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में CTET के लिए आवेदन नहीं कर सके थे, उन्हें आवेदन करने का एक और अवसर दिया गया है। ऐसे अभ्यर्थी 1 सितंबर 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट ctet.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
CBSE ने जारी सूचना में बताया कि CTET के अब तक 21 संस्करण आयोजित किए जा चुके हैं। CTET के 21वें संस्करण का परिणाम 30 मार्च 2026 को घोषित किया गया था। वहीं, 22वें संस्करण के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 मई से 10 जून 2026 तक चली थी।

बोर्ड ने बताया कि माननीय सुप्रीम कोर्ट ने सिविल अपील संख्या 1385/2025 से संबंधित समीक्षा याचिका (सिविल) डायरी संख्या 53434/2025 में अपने निर्णय में पात्र शिक्षकों को निर्धारित शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की योग्यता हासिल करने की वैधानिक आवश्यकता पूरी करने के लिए उचित और पर्याप्त अवसर दिए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया है।
इसी निर्देश के मद्देनजर CBSE ने पात्र अभ्यर्थियों के लिए आवेदन विंडो दोबारा खोलने का निर्णय लिया है। परीक्षा की संशोधित तिथि की जानकारी CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर बाद में जारी की जाएगी।
Author: Deepak Mittal









