बिलासपुर। शहर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में बारिश के दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दुकान के पास फुटपाथ पर चढ़ गई। हादसे में मौके पर मौजूद कई लोगों की जान बाल-बाल बच गई, जबकि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद कार सवार युवक-युवतियों के कथित तौर पर नशे में होने की बात सामने आई है।
हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने जब कार सवारों से हादसे को लेकर सवाल किया, तो विवाद बढ़ गया। इसी दौरान कार में सवार कपल का एक-दूसरे को किस करने का वीडियो भी सामने आया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार में युवक-युवतियां सवार थे। तेज रफ्तार में कार को लहराते हुए चलाने के दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन दुकान के पास फुटपाथ पर जा चढ़ा। कार की टक्कर से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने जब कार सवार युवक से बातचीत कर हादसे का विरोध किया, तो आरोप है कि युवक और उसके साथ मौजूद लोगों ने दबंगई दिखानी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
विवाद बढ़ने के बाद कुछ स्थानीय युवकों ने कार सवार युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान कार में सवार युवती भी बाहर आ गई और युवक का पक्ष लेते हुए विवाद करने लगी। आरोप है कि इसके बाद स्थानीय युवकों ने युवती के साथ भी मारपीट की।
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सड़क के बीच कुछ युवक युवती और उसके साथ मौजूद युवकों के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वहीं, एक अन्य वीडियो में हादसे के बाद कार के अंदर कपल के किस करने का दृश्य दिखाई दे रहा है।
घटना करीब तीन दिन पुरानी बताई जा रही है। फिलहाल मामले में किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर कार सवार लोगों की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद घटना की परिस्थितियों की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8227569
Total views : 8272712