दुर्ग। जुनवानी के स्मृतिनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने वेलनेस स्पा सेंटर की आड़ में कथित रूप से चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ली वेलनेस स्पा सेंटर में दबिश देकर मैनेजर, महिला दलाल और ग्राहकों समेत कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 19 मोबाइल फोन, 1,900 रुपये नगद, दस्तावेज और अन्य सामग्री जब्त की है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि जुनवानी स्थित स्पा सेंटर में मसाज और वेलनेस सर्विस की आड़ में कथित रूप से अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना की तस्दीक के बाद स्मृतिनगर पुलिस ने टीम गठित कर सेंटर में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके पर कई लोग मिले। पूछताछ और जांच के बाद सेंटर के संचालन से जुड़ी कथित गतिविधियों की जानकारी सामने आने पर पुलिस ने मौके से 9 लोगों को हिरासत में लिया।
मैनेजर और महिला दलाल की भूमिका की जांच
पुलिस के अनुसार, स्पा सेंटर का मैनेजर तनय सोनी (23) ग्राहकों से पैसे लेने और महिलाओं को उपलब्ध कराने की कथित गतिविधि में शामिल था। वहीं हेमा सिंह उर्फ प्रीत (32) पर महिला दलाल के रूप में भूमिका निभाने का आरोप है।
पुलिस का कहना है कि ग्राहकों से संपर्क कराने और महिलाओं को बुलाने के लिए महिला दलाल के माध्यम से व्यवस्था किए जाने की जानकारी सामने आई है। मामले में मैनेजर समेत अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
19 मोबाइल फोन और नकदी जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 19 मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा मौके से 1,900 रुपये नगद, कुछ दस्तावेज और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8225738
Total views : 8270336