हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं। हादसा चुराह विधानसभा क्षेत्र के तहत तीसा थाना क्षेत्र में बैरागढ़ के पास चालूंज मोड़ पर हुआ।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार हादसा सुबह करीब 7:15 बजे हुआ। शर्मा कोच की निजी बस बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालूंज मोड़ के पास बस अनियंत्रित होकर सड़क से पलटते हुए दूसरी सड़क पर जा पहुंची।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
हादसे में घायल 11 लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से 6 घायलों को उनकी स्थिति को देखते हुए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, चंबा रेफर किया गया है।
वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले 7 लोगों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस और प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8224894
Total views : 8269157