उड़ीसा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था गांजा, टाटा हैरियर कार समेत 74.30 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
महासमुंद, 5 अगस्त 2026। कोमाखान पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 114 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 57 लाख रुपये है, बरामद किया है। गांजा परिवहन में प्रयुक्त टाटा हैरियर कार, तीन मोबाइल फोन और दो लाख रुपये नकद समेत कुल 74 लाख 30 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 5 अगस्त को कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा की ओर से एक सफेद रंग की टाटा हैरियर कार क्रमांक एमएच 48 बीएच 8222 में तीन व्यक्ति भारी मात्रा में गांजा लेकर छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम टेमरी जांच नाका में वाहन चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद मुखबिर द्वारा बताए हुलिए की कार आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार की रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी की और कोमाखान चौकड़ी, एनएच-353 में कार को रोककर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान नागराज पारधी (26), दिनेश माली (28) और सतपाल सिंह राजपूत (38) के रूप में हुई। तीनों महाराष्ट्र के धुले जिले के शिरपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं। तलाशी के दौरान कार की पिछली डिक्की से 114 किलो गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा बालीगुड़ा (उड़ीसा) से नारदाना, धुले (महाराष्ट्र) ले जाया जा रहा था। मामले में कोमाखान थाने में अपराध क्रमांक 115/2026, धारा 20(B)(II)(C), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
- नागराज पारधी, उम्र 26 वर्ष, निवासी अंबिकानगर, शिरपुर, जिला धुले (महाराष्ट्र)
- दिनेश माली, उम्र 28 वर्ष, निवासी बालाजी कॉलोनी, शिरपुर, जिला धुले (महाराष्ट्र)
- सतपाल सिंह राजपूत, उम्र 38 वर्ष, निवासी शिरपुर, जिला धुले (महाराष्ट्र)
जब्त सामग्री
- 114 किलो गांजा — कीमत करीब 57 लाख रुपये
- टाटा हैरियर कार — कीमत करीब 15 लाख रुपये
- 3 मोबाइल फोन — कीमत करीब 30 हजार रुपये
- नगद 2 लाख रुपये
कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 74 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8223471
Total views : 8267330