Google Pay, PhonePe और Paytm पर छिपेगा मोबाइल नंबर, NPCI ने दी 4 सितंबर तक की डेडलाइन
नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने Google Pay, PhonePe, Paytm जैसे UPI ऐप्स और पार्टनर बैंकों के लिए नया सर्कुलर जारी किया है। डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन (DPDP) नियमों के तहत जारी इस सर्कुलर में UPI यूजर्स की प्राइवेसी और निजी डेटा की सुरक्षा को लेकर अहम निर्देश दिए गए हैं। NPCI ने UPI सर्विस प्रोवाइडर्स और बैंकों को यूजर का पूरा मोबाइल नंबर डिस्प्ले नहीं करने और उसे मास्क करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए 4 सितंबर तक की डेडलाइन तय की गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, UPI इस्तेमाल करने वाले लोगों के मोबाइल नंबर और निजी जानकारी को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। NPCI ने पिछले महीने भी एक सर्कुलर जारी कर UPI यूजर्स के मोबाइल नंबर को मास्क करने के निर्देश दिए थे। कई यूजर्स ने सोशल मीडिया के जरिए मोबाइल नंबर सार्वजनिक होने को लेकर चिंता जताई थी। खासकर महिलाओं की प्राइवेसी, पहचान और सुरक्षा को देखते हुए इस बदलाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
NPCI के निर्देश के अनुसार, बैंक और UPI ऐप्स को सभी कस्टमर फेसिंग इंटरफेस पर यूजर की संवेदनशील जानकारी को मास्क करना होगा। इसमें UPI ID, मोबाइल नंबर और अकाउंट नंबर जैसी जानकारी शामिल है। QR कोड के जरिए किए गए ट्रांजैक्शन में भी दूसरी पार्टी को यूजर के मोबाइल नंबर के केवल आखिरी चार डिजिट ही दिखाई देने चाहिए। पेमेंट पूरा होने के बाद मोबाइल नंबर को पूरी तरह छिपाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा, NPCI ने UPI ऐप्स को मोबाइल नंबर आधारित UPI ID के बजाय यूजरनेम आधारित UPI ID बनाने का विकल्प उपलब्ध कराने को भी कहा है। इससे यूजर्स अपना मोबाइल नंबर UPI ID के तौर पर इस्तेमाल किए बिना डिजिटल पेमेंट कर सकेंगे।
इस बदलाव के बाद UPI यूजर्स के मोबाइल नंबर और दूसरी निजी जानकारी के गलत हाथों में जाने का खतरा कम होने की उम्मीद है। साथ ही, अनजान लोगों द्वारा मोबाइल नंबर के जरिए कॉल या मैसेज कर परेशान किए जाने की आशंका भी कम हो सकती है। NPCI का यह कदम डिजिटल पेमेंट में यूजर की प्राइवेसी और डेटा सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8220466
Total views : 8263486