रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में हुई करीब 70 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले घरेलू रसोइया समेत दो आरोपियों को नागपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 51.50 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात, गिन्नी, सिक्के, पेन ड्राइव और महत्वपूर्ण दस्तावेज समेत करीब 70 लाख रुपये का पूरा मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, अशोका आइकन, मोवा निवासी पंकज अग्रवाल 26 जुलाई को अपने परिवार के साथ निजी कार्य से नया रायपुर गए थे। घर पर उनका घरेलू रसोइया महेन्द्र कुमार यादव मौजूद था, जिसे कुछ दिन पहले ही काम पर रखा गया था। शाम को परिवार के लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा बंद मिला, जबकि पीछे का गेट खुला था। अंदर जाकर देखा तो बेडरूम और अलमारी के दरवाजे खुले हुए थे। जांच करने पर अलमारी में रखी लाखों रुपये की नकदी, लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, गिन्नी, सिक्के, पेन ड्राइव और महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब मिले।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त उत्तर क्षेत्र दीपमाला कश्यप के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना पंडरी पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में रसोइया महेन्द्र यादव एक बैग लेकर घर से निकलता दिखाई दिया।

उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी था।
तकनीकी जांच में पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपी रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे और समता एक्सप्रेस से नागपुर की ओर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने आरपीएफ नागपुर से समन्वय स्थापित कर आरोपियों की फोटो और हुलिया साझा किया। आरपीएफ की मदद से दोनों आरोपियों को नागपुर रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में महेन्द्र यादव ने बताया कि उसने अपने साथी पिंटू यादव उर्फ अभिषेक यादव के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। परिवार के घर से बाहर जाने की जानकारी होने का फायदा उठाकर दोनों ने वारदात को अंजाम दिया। चोरी के बाद दोनों मोटरसाइकिल से घड़ी चौक पहुंचे, जहां बाइक पार्क कर किराये के वाहन से रेलवे स्टेशन गए और पुलिस से बचने के लिए ट्रेन से नागपुर भागने की कोशिश की.
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 51 लाख 50 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात, गिन्नी, सिक्के, चांदी का सिक्का, पेन ड्राइव और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज समेत करीब 70 लाख रुपये का पूरा मशरूका बरामद किया है। घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। मामले में थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 212/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी:
महेन्द्र यादव (22), निवासी जिला बांका, बिहार, वर्तमान पता—प्रार्थी का मकान, अशोका आइकन, मोवा, रायपुर।
पिंटू यादव उर्फ अभिषेक यादव (25), निवासी जिला बांका, बिहार, वर्तमान पता—आमासिवनी, थाना विधानसभा, रायपुर।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8219490
Total views : 8262197