हर्ष लाल, संवाददाता सक्ती
रायगढ़, 18 जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में धरमजयगढ़ पुलिस ने ग्राम क्रोंधा देवमारीडांड में दंपति की निर्मम हत्या और शवों को जलाकर साक्ष्य मिटाने के सनसनीखेज ब्लाइंड डबल मर्डर का महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वर्षों पुराने भूमि विवाद की रंजिश के चलते दंपति की टांगी से हत्या कर दी। इसके बाद हत्या के साक्ष्य मिटाने और घटना को दुर्घटना का रूप देने के उद्देश्य से शवों और घर में आग लगा दी।
मामले में थाना धरमजयगढ़ में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 189/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238(बी) और 326(जी) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान घटनास्थल से बरामद हत्या में प्रयुक्त टांगी की गंध लेकर पुलिस डॉग ‘रूबी’ ने श्याम लाल राठिया तक पहुंचने का संकेत दिया। वहीं, गवाहों से पूछताछ में मृतक दंपति और श्याम लाल राठिया के परिवार के बीच लंबे समय से भूमि विवाद होने की जानकारी सामने आई।
पुलिस डॉग के संकेत, एफएसएल से प्राप्त साक्ष्यों, ह्यूमन इंटेलिजेंस और वैज्ञानिक तरीके से की गई पूछताछ के आधार पर संदेही श्याम लाल राठिया और उसके भाई जीवन लाल राठिया से अलग-अलग पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने हत्या का अपराध स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
श्याम लाल राठिया (32 वर्ष)
जीवन लाल राठिया (48 वर्ष)
दोनों आरोपी ग्राम कोंध्रा, थाना धरमजयगढ़ के निवासी हैं।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8236144
Total views : 8283551