मेट्रो, कार पूल और वर्क फ्रॉम होम अपनाने कहा, विदेशी मुद्रा बचाने सोना नहीं खरीदने का भी आग्रह
तेलंगाना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए देशवासियों से पेट्रोल-डीजल का कम से कम इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट और युद्ध के कारण पूरी दुनिया में पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिसका असर भारत पर भी पड़ रहा है। ऐसे समय में देशहित में सभी को ईंधन और विदेशी मुद्रा बचाने के लिए संकल्प लेने की जरूरत है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अपनी जरूरत का पेट्रोल-डीजल और गैस बड़े पैमाने पर दूसरे देशों से आयात करता है। पिछले दो महीनों से पड़ोसी देशों में चल रहे युद्ध के चलते सप्लाई चेन प्रभावित हुई है और सरकार लगातार जनता को राहत देने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि संकट से निपटने के लिए अब सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
पीएम मोदी ने लोगों से शहरों में मेट्रो सेवाओं का अधिक उपयोग करने, कार पूलिंग अपनाने और रेलवे के माध्यम से माल परिवहन को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास इलेक्ट्रिक वाहन हैं, वे उनका अधिक से अधिक उपयोग करें, ताकि पेट्रोल-डीजल की खपत कम हो सके।
प्रधानमंत्री ने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंस जैसी व्यवस्थाएं प्रभावी साबित हुई थीं। वर्तमान परिस्थितियों में इन व्यवस्थाओं को फिर से प्राथमिकता देने की आवश्यकता है, जिससे ईंधन की बचत के साथ विदेशी मुद्रा भी बचाई जा सके।
उन्होंने लोगों से विदेशी मुद्रा बचाने के लिए एक वर्ष तक सोना और सोने के आभूषण नहीं खरीदने का भी आग्रह किया। पीएम मोदी ने कहा कि देशहित में यह सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का समय है और हर नागरिक को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8191297
Total views : 8226715