हंस ट्रैवल्स में DRI की बड़ी कार्रवाई, बोरों में भरकर लाई गई जाली नोटों की खेप जब्त

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal


राजधानी रायपुर के न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र स्थित रिंग रोड पर संचालित हंस ट्रैवल्स कार्यालय में बुधवार को डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने बड़ी छापेमार कार्रवाई की। डीआरआई को सूचना मिली थी कि ट्रैवल कंपनी के जरिए बोरों में भरकर जाली नोटों की बड़ी खेप भेजी जा रही है।

सूचना के आधार पर पांच सदस्यीय टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी।


छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने छोटी कीमत के नोटों से भरे कई बोरे बरामद किए। प्रारंभिक जांच में नोटों के जाली होने की आशंका जताई जा रही है। डीआरआई अधिकारियों ने कार्यालय को घेरकर पार्सल बुकिंग रजिस्टर, दस्तावेज और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की। कार्रवाई के दौरान कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल रहा और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।


सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी तीन बोरियों में संदिग्ध नोटों को अपने साथ लेकर रवाना हुई है। हालांकि बरामद नोटों की मात्रा और उनके स्रोत को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। आशंका जताई जा रही है कि इस मामले के पीछे अंतरराज्यीय जाली नोट तस्करी गिरोह सक्रिय हो सकता है।


डीआरआई अब ट्रांसपोर्ट नेटवर्क, पार्सल बुकिंग कराने वाले व्यक्ति और रिसीवर की जानकारी खंगाल रही है। वहीं हंस ट्रैवल्स के कर्मचारियों से पूछताछ जारी है। माना जा रहा है कि देर शाम तक मामले में बड़ा खुलासा हो सकता है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment