महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 9 क्विंटल से अधिक गांजा जब्त, अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal



ऑपरेशन “निश्चय” के अंतर्गत महासमुंद पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए 912.760 किलोग्राम (लगभग 9 क्विंटल 12.760 किलोग्राम) मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपये बताई जा रही है।


पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त वाहन सहित चार करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति भी जब्त की है। तस्कर केले के परिवहन की आड़ में बोरियों में गांजा छिपाकर ले जा रहे थे। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि पुलिस को गुमराह करने के लिए तस्कर फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रहे थे।


सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा की गई सघन चेकिंग और सतर्कता के चलते इस तस्करी को समय रहते रोक लिया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह गांजा उड़ीसा से लाकर उत्तर प्रदेश में सप्लाई किया जाना था।


इस मामले में झारखंड निवासी आरोपी अब्दुल नईम को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित कूटरचना की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर सख्त कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस के अनुसार, पिछले तीन महीनों में जिले में कुल 72 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 5629.602 किलोग्राम (लगभग 56 क्विंटल 29 किलोग्राम) गांजा जब्त किया गया है। इन मामलों में 187 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 52 आरोपी छत्तीसगढ़ के और 135 अन्य राज्यों के निवासी हैं।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment