माइक्रोसॉफ्ट, गूगल, ऐप्पल समेत 18 कंपनियों को ईरान की धमकी

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच ईरान ने एक बार फिर अमेरिका को धमकी दी है। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने प्रमुख अमेरिकी प्रौद्योगिकी और औद्योगिक कंपनियों को निशाना बनाने की खुली धमकी दी है।

सरकारी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने इन कंपनियों पर हमले को अमेरिकी हमलों का प्रतिशोध बताया है। रिपोर्ट के अनुसार, आईआरजीसी ने माइक्रोसॉफ्ट, गूगल, ऐप्पल, इंटेल, आईबीएम, टेस्ला और बोइंग सहित कुल 18 अमेरिकी कंपनियों के नाम गिनाते हुए चेतावनी जारी की है कि उनके क्षेत्रीय परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो सकते हैं।

रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के बयान में कहा गया है कि इन कंपनियों को 1 अप्रैल (बुधवार) को तेहरान समयानुसार रात 8 बजे से शुरू होने वाले हर आतंकवादी कृत्य के बदले में अपनी इकाइयों के विनाश की तैयारी कर लेनी चाहिए। बयान में आगे कर्मचारियों को सलाह दी गई है कि अपनी जान बचाने के लिए वे तुरंत अपने कार्यस्थलों को छोड़ दें। बताया जा रहा है कि यह धमकी हाल ही में ईरानी क्षेत्र पर हुए हमलों के जवाब में दी गई है, जिसे ईरान अमेरिकी और इजरायली कार्रवाई का हिस्सा मान रहा है। फिलहाल इन कंपनियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

ईरान की ओर से यह बयान ऐसे समय में आया है जब आईआरजीसी पहले ही गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, ओपनएआई और एंथ्रोपिक जैसी कंपनियों पर ईरान के खिलाफ सैन्य अभियानों में सहयोग का आरोप लगा चुकी है। रिपोर्ट के अनुसार, आईआरजीसी ने इन कंपनियों को ‘दुश्मन की तकनीकी इंफ्रास्ट्रक्चर’ करार देते हुए चेतावनी जारी की है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment