दल्लीराजहरा, 15 मार्च। शहर के वार्ड क्रमांक 7 टीचर कॉलोनी क्षेत्र में पार्षद पर जानलेवा हमले के मामले में राजहरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्टील का चूड़ा भी जब्त कर लिया है। आरोपियों ने वार्ड की समस्याओं को लेकर विवाद करते हुए पार्षद को रास्ते में रोककर मारपीट की और गमछे से गला दबाने की कोशिश की थी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 मार्च 2026 की रात पार्षद वीरेन्द्र साहू अपने दोस्त हेमंत नेताम के साथ एक शादी समारोह में शामिल होकर लगभग रात 9 बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान वार्ड क्रमांक 7 टीचर कॉलोनी स्थित मैदान के पास पहले से घात लगाए बैठे तीन लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने वार्ड की समस्याओं के निराकरण को लेकर विवाद करते हुए गाली-गलौच शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों तथा पहने हुए स्टील के चूड़े से हमला कर दिया।
हमले में पार्षद वीरेन्द्र साहू के नाक, आंख, गाल सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद हेमंत नेताम की रिपोर्ट पर राजहरा थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान गवाहों और घायल वीरेन्द्र साहू के बयान में सामने आया कि आरोपियों ने न केवल मारपीट की, बल्कि गमछे से गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) जोड़ी गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। तकनीकी सहायता के लिए साइबर सेल की मदद ली गई। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने आरोपियों को दुर्ग और धमतरी क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में राजहरा थाना पुलिस और साइबर सेल बालोद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी
दीपक यादव, पिता बिसौहा राम, उम्र 33 वर्ष
अजीत सिंह, पिता राम उदगार सिंह, उम्र 34 वर्ष
कैलाश साहू, पिता स्व. सोहन लाल, उम्र 38 वर्ष
तीनों आरोपी वार्ड क्रमांक 07 टीचर कॉलोनी, राजहरा, थाना दल्लीराजहरा, जिला बालोद के निवासी हैं।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8167603
Total views : 8194921