रायगढ़: Raigarh जिले में पेट्रोलियम पदार्थों की नियमित उपलब्धता और सुचारू वितरण सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन सतर्क है। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर Mayank Chaturvedi ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी से प्रभावित होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि ऑयल कंपनियों के पास इन पेट्रोलियम पदार्थों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और उनकी आपूर्ति लगातार जारी है।
कलेक्टर चतुर्वेदी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आम जनता के बीच इस संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अनावश्यक रूप से एलपीजी की ऑनलाइन बुकिंग या पेट्रोल-डीजल का अतिरिक्त संग्रहण न हो। उन्होंने बताया कि जिलों में उपलब्ध एलपीजी, पेट्रोल और डीजल के स्टॉक की दैनिक जानकारी खाद्य विभाग के मॉड्यूल के माध्यम से प्राप्त की जा रही है, जिसके आधार पर प्राप्त स्टॉक, बिक्री और शेष उपलब्धता की नियमित समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने खाद्य विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों को एलपीजी, पेट्रोल और डीजल के अवैध संग्रहण तथा दुरुपयोग पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। संदिग्ध स्थानों की पहचान कर नियमित जांच और आवश्यकता पड़ने पर छापेमारी की कार्रवाई करने को कहा गया है। किसी भी अनियमितता पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आम उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए शिकायत दर्ज कराने की व्यवस्था भी की गई है। खाद्य विभाग के कॉल सेंटर नंबर 1800-233-3663 और 1967 के अलावा राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम 0771-2511975 पर संपर्क किया जा सकता है। कलेक्टर ने कहा कि प्राप्त शिकायतों का निराकरण 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और पेट्रोलियम पदार्थों का उपयोग आवश्यकता के अनुसार ही करें, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8167581
Total views : 8194885