जंगल में छिपा था मौत का जखीरा, सुरक्षा बलों ने नाकाम की नक्सल साजिश
संयुक्त कांबिंग ऑपरेशन में सफलता: आईईडी और टिफिन बम बरामद
CRPF की सटीक कार्रवाई: जमीन में छिपाकर रखे विस्फोटक बरामद
217 बटालियन के जांबाजों ने पकड़ा नक्सल डंप, बड़ी साजिश नाकाम
सुकमा,,छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। सीआरपीएफ की 217 बटालियन और 241 बटालियन के जवानों ने संयुक्त कांबिंग ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए विस्फोटक सामग्री के जखीरे को बरामद कर संभावित बड़ी घटना को टाल दिया। यह कार्रवाई प्रदेश में चर्चा का विषय बनी हुई है

सीआरपीएफ छत्तीसगढ़ सेक्टर के पुलिस महानिरीक्षक शालीन, पुलिस उप महानिरीक्षक (परिचालन) कोण्टा राजेश पांडे तथा 217 बटालियन के कमांडेंट विजय शंकर के मार्गदर्शन में अभियान चलाया गया। ऑपरेशन का नेतृत्व सहायक कमांडेंट रवि शर्मा ने किया।
सी/217 और डी/241 बटालियन द्वारा नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार 45 घंटे तक संयुक्त कांबिंग और सर्च अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विरम गांव से लगे जंगल क्षेत्र में सुरक्षा बलों को जमीन के भीतर छिपाकर रखी गई आईईडी का पता चला, जिसे बीडीडीएस टीम ने सावधानीपूर्वक बाहर निकाला।
इसके बाद जवानों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। बीडीडीएस टीम और सर्चिंग पार्टी द्वारा संदिग्ध स्थानों की गहन जांच के दौरान कई विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
बरामद सामग्री
जिलेटिन रॉड – 04 नग
पीईके – 01
डेटोनेटर – 01 नग
टिफिन बम – 02 नग
सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए टीम ने एक आईईडी और पीईके को मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया। इसके बाद बरामद सामग्री को किस्ताराम पुलिस थाने में सुपुर्द किया गया।
अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने आसपास के इलाके में व्यापक तलाशी अभियान चलाया और बिना किसी अप्रिय घटना के सभी जवान सुरक्षित कैंप लौट आए।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार बरामद सामग्री की जांच से क्षेत्र में सक्रिय नक्सलियों की गतिविधियों, उनकी भविष्य की योजनाओं और स्थानीय नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8167184
Total views : 8194219